HomeUncategorizedएनईएस कॉलेज जशपुर में एनसीसी ‘रैंक सेरेमनी’ का आयोजन, उत्कृष्ट कैडेट्स हुए...

एनईएस कॉलेज जशपुर में एनसीसी ‘रैंक सेरेमनी’ का आयोजन, उत्कृष्ट कैडेट्स हुए सम्मानित


जशपुर नगर, 23 फरवरी 2026। स्थानीय शासकीय राम भजन राय एन ई एस स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज एनसीसी इकाई द्वारा ‘रैंक सेरेमनी’ का गरिमामय आयोजन किया गया। अनुशासन और नेतृत्व की भावना को प्रोत्साहित करने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने की, जबकि प्रोफेसर प्रवीण सतपती और एनसीसी अधिकारी कैप्टन ए.आर. पैकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने एनसीसी को भारतीय सुरक्षा की द्वितीय पंक्ति बताते हुए कहा कि कैडेट्स का अनुशासन ही उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में अग्रणी रखता है। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी सीनियर डिवीजन के कैडेट साहिल सिंह, ललिता यादव और शम्मी अंसारी ने कुशल मंच संचालन किया और उपस्थित जनसमूह को एनसीसी के उद्देश्यों व चरित्र निर्माण में इसकी भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनसीसी केवल शारीरिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रसेवा का एक सशक्त माध्यम है।


रैंक वितरण की कड़ी में ललिता यादव को सीनियर अंडर ऑफिसर, साहिल सिंह व राहुल भगत को जूनियर अंडर ऑफिसर, आशीष भगत व अमिषा कुजूर को सीक्यूएमएस (CQMS) की रैंक प्रदान की गई। इसी प्रकार उमेश पैकरा व एंजेलिना कुजूर को सार्जेंट (SGT), शिवम शुक्ला व संजय यादव को कॉर्पोरल (CPL) तथा शम्मी अंसारी व अन्नू यादव को लांस कॉर्पोरल (LCPL) के पद से नवाजा गया। अन्य कैडेट्स को भी उनके वर्षभर के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने अपने उद्बोधन में पूरी एनसीसी इकाई और कैप्टन ए.आर. पैकरा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है। कार्यक्रम का समापन कैप्टन ए.आर. पैकरा द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और गौरव से भरा नजर आया।

RELATED ARTICLES

Most Popular