HomeUncategorizedसोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,...

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुकानदार को धमकाने वाले पिता-पुत्र पर मामला दर्ज


जशपुर। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ ग्राम सिंगीबहार में एक दुकानदार को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने तत्काल सख्त कदम उठाए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जांच के कड़े निर्देश जारी किए।


जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घटना चौकी ऊपर कछार के सिंगीबहार गांव की है, जहाँ ग्राम ललकिडीह (ओडिशा) निवासी रवि गुप्ता और उसके पिता युधिष्ठिर गुप्ता ने 24 फरवरी की सुबह करीब 11:00 बजे दुकानदार रमेश कुमार साहू की दुकान में घुसकर विवाद किया। आरोपियों ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि दुकानदार को जान से मारने की धमकी भी दी, जिसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल गया।


जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पीड़ित रमेश कुमार साहू की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular