HomeUncategorizedहोली से पहले जशपुर पुलिस का 'ऑपरेशन आघात': बोलेरो के गुप्त चेंबर...

होली से पहले जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’: बोलेरो के गुप्त चेंबर से निकला 9 लाख का गांजा, 3 तस्कर, गिरप्तार….



जशपुर/कुनकुरी | 01 मार्च, 2026
होली के त्यौहार से ठीक पहले जशपुर पुलिस ने अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले की कुनकुरी पुलिस ने एक नई बोलेरो के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से तस्करी कर ले जाया जा रहा 18.4 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 09 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के रहने वाले तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी की इस कड़ी में शामिल उनके एक अन्य रिश्तेदार की तलाश की जा रही है।


मामले का खुलासा करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर, डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से गांजे की एक बड़ी खेप मध्यप्रदेश पासिंग बोलेरो में छिपाकर जशपुर के रास्ते सिंगरौली ले जाई जा रही है। इस इनपुट के आधार पर थाना कुनकुरी को तत्काल नाकाबंदी और सघन वाहन चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। बीती रात चेकिंग के दौरान कुनकुरी पुलिस ने संदेही बोलेरो (क्रमांक MP 66 ZH 6806) को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो वाहन के नीचे मॉडिफाई कर बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला। इस चेंबर को खोलने पर पुलिस ने 18.4 किलो अवैध गांजा बरामद किया।


पुलिस ने मौके से वाहन चालक रामेश्वर यादव (30 वर्ष), गोलारमन यादव (61 वर्ष) और शिवराम यादव (26 वर्ष) को हिरासत में लिया। तीनों आरोपी सिंगरौली, मध्यप्रदेश के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि यह गांजा उन्हें ओडिशा में रहने वाले उनके एक करीबी रिश्तेदार (साले) ने उपलब्ध कराया था, जिसे वे सिंगरौली में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने ओडिशा स्थित उस रिश्तेदार को भी आरोपी बनाया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है। आरोपियों के पास से 09 लाख का गांजा, 14 लाख की बोलेरो, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।


गौरतलब है कि जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई कर रही है। कुनकुरी के साथ-साथ सिटी कोतवाली जशपुर ने भी बीती 28 फरवरी को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए किराए के मकान में डंप किए गए 24.840 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों, सुनील भगत उर्फ गोविंदा और रवि विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। इस प्रकार पुलिस ने बीते दो दिनों में कुल 43 किलो से अधिक गांजा जब्त कर तस्करों की कमर तोड़ दी है। डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular