HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक,डीआईजी डॉ. लाल...

जशपुर पुलिस की गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक,डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह 50 जवानों के साथ खुद पहुंचे जंगलों में

जशपुर नगर।
जशपुर जिले में गौ तस्करी की कमर तोड़ने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने नारायणपुर क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी रास्तों और घने जंगलों में पैदल मार्च कर तस्करों के संभावित ठिकानों और गुप्त रास्तों को ब्लॉक कर दिया है। इस दौरान कप्तान के साथ 50 से अधिक जवानों का बल मौजूद रहा, जिन्होंने किनकेल, खरवाटोली और पाकरकुंदर जैसे संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी ली। पुलिस की इस सक्रियता को देखकर ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव जागा है और उन्होंने तस्करों के खिलाफ पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया है।


अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कम्युनिटी पुलिसिंग का सहारा लेते हुए गांवों में “पुलिस मितान टीम” का गठन किया है। यह टीम क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और गौ तस्करी की सूचना सीधे पुलिस को उपलब्ध कराएगी। डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। साथ ही, उन्होंने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए आश्वस्त किया कि पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए जशपुर पुलिस हरसंभव मदद करेगी।


युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए डीआईजी ने कवर्धा की तर्ज पर जशपुर में भी ‘पुलिस एकेडमी’ और लाइब्रेरी शुरू करने की योजना साझा की है। इस पहल के माध्यम से क्षेत्र के आदिवासी और पिछड़े वर्ग के युवाओं को सेना, पुलिस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार सहित जिले के कई आला अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अचानक कप्तान को अपने बीच पाकर ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए, जिससे पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular