HomeUncategorizedसोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद नाबालिग का अपहरण और दुष्कर्म, जशपुर...

सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद नाबालिग का अपहरण और दुष्कर्म, जशपुर पुलिस ने बिहार से आरोपी को दबोचा, भेजा जेल…

​जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई यह दोस्ती नाबालिग के लिए भारी पड़ी, लेकिन जशपुर पुलिस की सक्रियता से आरोपी अब सलाखों के पीछे है।

​मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़ित बालिका के पिता ने 23 जनवरी 2026 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार, उनकी 16 वर्षीय बेटी 20 जनवरी को स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर कहीं पता नहीं चला। संदेह था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया है, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

​डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से लोकेशन का पीछा किया। जांच में पता चला कि बालिका बिहार के सीतामढ़ी जिले में आरोपी अविनाश कुमार साहनी के पास है। पुलिस टीम ने तत्काल बिहार दबिश दी और आरोपी के घर से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।

​पूछताछ के दौरान पीड़िता ने खुलासा किया कि उसकी दोस्ती आरोपी अविनाश से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और 20 जनवरी को उसे भगाकर बिहार ले गया, जहाँ उसके साथ शारीरिक शोषण किया गया। पीड़िता के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 87, 61(2), 96 और पॉक्सो एक्ट की धारा 5 व 6 जोड़ी गई हैं।

​आरोपी अविनाश कुमार साहनी (21 वर्ष) ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी नारायणपुर उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप सहित उनकी टीम के प्रधान आरक्षक पुरन चन्द पटेल, आरक्षक अविनाश सोनी, अशोक कंसारी और महिला आरक्षक अलमा खाखा की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular