HomeUncategorizedरायगढ़ पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार': 48 घंटों में 75 टन अवैध कबाड़...

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: 48 घंटों में 75 टन अवैध कबाड़ जब्त, 60 लाख से अधिक की संपत्ति पर पुलिस का कब्जा

रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार और उसके परिवहन पर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चौतरफा हमला बोल दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के कड़े रुख के बाद पिछले 48 घंटों के भीतर जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने तीन ट्रकों को घेराबंदी कर पकड़ा है, जिनसे भारी मात्रा में अवैध लोहा जब्त किया गया है।

​पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 75 टन लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 23.69 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त तीनों भारी वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिनकी कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार महज दो दिनों के भीतर पुलिस ने कुल 60.69 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

​पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस ने गेरवानी चौक पर एक 18 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस वाहन में लगभग 31 टन लोहे के एंगल, छड़ और मशीनरी पार्ट्स का कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है। बिहार निवासी चालक नितीश कुमार इस माल से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने माल सहित ट्रक को जब्त कर लिया।

​इसी तरह पुसौर पुलिस ने सप्ताह के भीतर अपनी दूसरी बड़ी सफलता हासिल करते हुए सरिया से पुसौर की ओर आ रहे एक ट्रक को पकड़ा। जांच के दौरान ट्रक में करीब 25 टन लोहे का कबाड़ मिला। उत्तर प्रदेश निवासी चालक विजेन्द्र लाहुर ने पूछताछ में बताया कि वह माल रायगढ़ ले जा रहा था, लेकिन कागजात की कमी के चलते पुलिस ने 7.68 लाख का स्क्रैप और 15 लाख का ट्रक जब्त कर लिया।

​कोतरारोड पुलिस ने भी रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कोसमनारा तिराहा में नाकेबंदी की और एक 12 चक्का ट्रक को धर दबोचा। सारण (बिहार) निवासी चालक मनोज यादव ट्रक में 19 टन लोहे की छड़ के टुकड़े लेकर जा रहा था। पर्याप्त दस्तावेज न होने पर पुलिस ने करीब 5.70 लाख रुपये का कबाड़ और वाहन जब्त कर लिया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल की खरीदी-फरोख्त पर पुलिस की पैनी नजर है और इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular