HomeUncategorizedजशपुर के पीएम श्री विद्यालयों की छात्राओं ने जाना अंतरिक्ष और विज्ञान...

जशपुर के पीएम श्री विद्यालयों की छात्राओं ने जाना अंतरिक्ष और विज्ञान का रहस्य, किया अहमदाबाद का शैक्षणिक भ्रमण…..

जशपुर :जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास के कुशल निर्देशन में आयोजित इस सात दिवसीय दौरे में जिले के पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनोरा, कुनकुरी, पत्थलगांव एवं कोतबा के चयनित विद्यार्थियों और शिक्षकों सहित कुल 9 सदस्यीय दल शामिल रहा। दिनांक 11 मार्च से 18 मार्च 2026 तक संचालित इस शैक्षणिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और ऐतिहासिक विरासत से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना था।


यात्रा के दौरान छात्राओं ने अहमदाबाद के प्रतिष्ठित संस्थानों का गहन अवलोकन किया। प्रथम दिवस पर साइंस सिटी भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान और पृथ्वी की उत्पत्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से ज्ञान अर्जित किया। इसके पश्चात द्वितीय दिवस पर दल ने विक्रम साराभाई अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र का भ्रमण किया, जहाँ केंद्र के विशेषज्ञों के साथ रॉकेट साइंस, एस्ट्रोनॉमी और उपग्रह संचार व्यवस्था जैसे जटिल विषयों पर परिचर्चा कर अंतरिक्ष विज्ञान के रहस्यों को समझने का प्रयास किया।


वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ-साथ छात्राओं को पर्यावरण और इतिहास की भी जानकारी दी गई। दल ने कांकरिया पहुंचकर वन्य प्राणियों का अध्ययन किया और विशेष रूप से जू पार्क में रात्रिकालीन विचरण करने वाले जीवों की गतिविधियों को समझा। विद्यार्थियों को गांधी जी के साबरमती आश्रम, साबरमती रिवर फ्रंट, अटल सेतु और अहमदाबाद के ऐतिहासिक किले का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान कपड़ा उद्योग, उन्नत कृषि पद्धतियों, नदियों के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी छात्राओं के ज्ञान को पोषित किया गया। समग्र शिक्षा माध्यमिक खंड जशपुर द्वारा राज्य से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण 18 मार्च 2026 को विधिवत पूर्ण हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular