HomeUncategorizedऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस ने ग्राम आमाघाट में पकड़ी ₹2 करोड़ 5...

ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस ने ग्राम आमाघाट में पकड़ी ₹2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये की अफीम , मुख्य आरोपी गिरफ्तार सहयोगियों के NDPS के तहत अपराध दर्ज…..


रायगढ़, 21 मार्च 2026: रायगढ़ जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ को एक बड़ी सफलता मिली है। तमनार पुलिस ने ग्राम आमाघाट में छापामार कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर की जा रही अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने करीब 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये मूल्य के अफीम के पौधे और तैयार अफीम जब्त की है।


घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 19-20 मार्च की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आमाघाट के भैर नाला किनारे स्थित खेतों में मार्शल संगा नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तमनार, पूंजीपथरा व लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया। जब पुलिस टीम ने खेत में दबिश दी, तो वहां काम कर रहे दो व्यक्ति फरार होने में सफल रहे, जबकि मुख्य आरोपी मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी (झारखंड) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


जांच के दौरान मौके पर दो खेतों में अफीम की लहलहाती फसल मिली। मार्शल संगा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने साथी इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर बिना किसी वैध दस्तावेज के यह खेती कर रहा था। पुलिस की सूचना पर राजस्व, आबकारी, एफएसएल और कृषि विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। राजस्व विभाग की जांच में पता चला कि यह खेती पांच अलग-अलग खसरा नंबरों वाली जमीन पर की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 60,326 नग अफीम के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 2,877 किलोग्राम और बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये आंका गया है। इसके अतिरिक्त, आरोपी के ससुराल स्थित निवास से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई, जिसकी कीमत 15 लाख 10 हजार रुपये है।


इस मामले में तमनार पुलिस ने आरोपी मार्शल संगा और उसके फरार साथियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 8 (बी) और 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों इमानवेल और सीप्रियन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त लहजे में संदेश दिया है कि जिले में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular