HomeUncategorizedजशपुर में प्रमुख जनगोष्ठी का सफल आयोजन, समाज के प्रबुद्ध वर्ग की...

जशपुर में प्रमुख जनगोष्ठी का सफल आयोजन, समाज के प्रबुद्ध वर्ग की रही व्यापक सहभागिता*

जशपुर। जिले में आयोजित प्रमुख जनगोष्ठी कार्यक्रम उत्साह और गरिमामय वातावरण में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रबुद्ध जनों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। लगभग 32 क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसे व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री जागेश्वर राम जी रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय सह पर्यावरण गतिविधि प्रमुख संयोजक श्री राकेश जैन जी ने अपने विचार रखते हुए उपस्थित जनसमूह का मार्गदर्शन किया।

अपने उद्बोधन में श्री जैन जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के मूल उद्देश्यों, संघ के 100 वर्षों की विकास यात्रा तथा विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में संघ की भूमिका, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा कार्यों तथा “व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण” की अवधारणा पर विशेष प्रकाश डाला।

इसके साथ ही उन्होंने समाज परिवर्तन के पांच प्रमुख आग्रहों पर भी विस्तार से चर्चा की और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया, जिससे संवाद और अधिक सार्थक एवं प्रभावी बना।

इस अवसर पर माननीय जिला संघचालक श्री राजीवरंजन नंदे जी, नगर संघचालक डॉ. मयंक श्रीवास्तव जी, वरिष्ठ प्रचारकगण, जिले भर से आए कार्यकर्ता बंधु-भगिनी एवं समाज के प्रबुद्ध जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद का वातावरण बना रहा, जिसने समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय और जागरूकता को और सुदृढ़ किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular