HomeUncategorizedट्रेलर चालक को बंधक बनाकर लूटने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार,भेजा गया जेल

ट्रेलर चालक को बंधक बनाकर लूटने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार,भेजा गया जेल


रायगढ़/खरसिया | 22 मार्च 2026 रायगढ़ पुलिस ने ट्रेलर चालक के साथ हुई लूटपाट और बंधक बनाने के सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद खरसिया पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस तत्परता ने क्षेत्र के अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।


घटना के अनुसार, बिहार निवासी ट्रेलर चालक मिथुन कुमार यादव 27 फरवरी की रात तमनार से रॉबर्टसन की ओर कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान रॉबर्टसन के पास एक मोटरसाइकिल सवार ने रास्ता रोककर चालक के साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर ₹10,000 लूट लिए। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने चालक को रातभर एक बाड़ी में बंधक बनाकर रखा और अगली सुबह डरा-धमकाकर ग्राम चपले स्थित एक कियोस्क शाखा से ₹32,000 और निकलवा लिए। पीड़ित चालक घटना के बाद जरूरी काम से अपने गांव चला गया था, जिस कारण रिपोर्ट 21 मार्च को दर्ज कराई गई।


शिकायत मिलते ही खरसिया पुलिस ने धारा 309(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी के गांव बड़े डूमरपाली में दबिश दी और सोमनाथ डनसेना उर्फ मालिकराम (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लूट की शेष राशि ₹3,200 बरामद की।


इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि आदतन बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और लूटपाट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय ट्रक चालकों और आम जनता ने राहत की सांस ली है।

RELATED ARTICLES

Most Popular