HomeUncategorizedशादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी ओडिशा से...

शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार,भेजा गया जेल…..


जशपुर/पत्थलगांव | 22 मार्च 2026 जशपुर जिले की कोल्हेनझरिया चौकी पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को ओडिशा से सुरक्षित बरामद करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपहरण किया और उसके साथ अनाचार की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।


घटना का विवरण साझा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 24 फरवरी को कोल्हेनझरिया क्षेत्र की एक 16 वर्षीय छात्रा, जो कक्षा दसवीं में पढ़ती है, अपनी सहेलियों के साथ परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में छात्रा ने अपनी सहेलियों को कुछ देर में आने की बात कही, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। स्कूल के शिक्षक द्वारा परिजनों को सूचित किए जाने के बाद काफी खोजबीन की गई, पर बालिका का कहीं पता नहीं चला। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


विवेचना के दौरान पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पता चला कि नाबालिग बालिका पड़ोसी राज्य ओडिशा के एक गांव में आरोपी इष्टा राणा के साथ है। जशपुर पुलिस की टीम ने बिना देर किए ओडिशा में दबिश दी और आरोपी के कब्जे से बालिका को बरामद कर लिया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी इष्टा राणा (22 वर्ष) से उसकी पहचान फोन के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने उसे प्यार और शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ भगा ले गया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।


बालिका के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(M), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 जोड़ते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई और बालिका की सुरक्षित दस्तयाबी में चौकी प्रभारी एएसआई विपिन किशोर केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक मुकेश भगत, फ्रांसिस बेक, आरक्षक बलराम पैंकरा, इग्नेशियूस टोप्पो और महिला आरक्षक ब्रिजीनिया टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular