HomeUncategorizedरायगढ़ जिले में फिर से अफीम की खेती का खुलासा, आमाघाट के...

रायगढ़ जिले में फिर से अफीम की खेती का खुलासा, आमाघाट के बाद अब नवीन घाटगाव मे 2 डिसमिल मे की जा रही थी अवैध अफीम खेती, दो आरोपी गिरप्तार…….


रायगढ़। रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। तमनार के आमाघाट में करोड़ों की अफीम पकड़े जाने के कुछ ही दिनों बाद अब लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम नवीन घाटगांव में अवैध रूप से की जा रही पोस्ता (Poppy) की खेती का पर्दाफाश हुआ है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम नवीन घाटगांव में करीब 2 डिसमिल भूमि पर प्रतिबंधित पोस्ता की फसल उगाई जा रही है, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम, एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।


मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अमले ने जब खेत का निरीक्षण किया, तो वहां भारी मात्रा में पोस्ता के पौधे पाए गए। इसके बाद टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए पूरी अवैध फसल को उखाड़कर नष्ट कर दिया और साक्ष्यों को जप्त किया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों, 60 वर्षीय साधराम नागवंशी और 20 वर्षीय अभिमन्यु नागवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी ग्राम नवीन घाटगांव के ही निवासी हैं, जिनके विरुद्ध संबंधित कानूनी धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।


गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही तमनार के आमाघाट में प्रशासन ने 60 हजार 326 अफीम के पौधे बरामद किए थे, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपये बताई गई थी। जिले में इतने कम अंतराल में अफीम की खेती का यह दूसरा बड़ा खुलासा है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से इस अवैध खेती के मुख्य स्रोत और इसके पीछे छिपे मास्टरमाइंड के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सतत निगरानी और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular