HomeUncategorizedऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने जंगल के रास्ते हो रही गौ-तस्करी को...

ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने जंगल के रास्ते हो रही गौ-तस्करी को रोका, 12 मवेशी मुक्त, 3 आरोपी गिरफ्तार…..


जशपुर। जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गौ-तस्करी के विरुद्ध जारी ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना बागबहार पुलिस ने घेराबंदी कर जंगल के रास्ते तस्करी किए जा रहे 12 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस कार्यवाही में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।


घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 मार्च 2026 को बागबहार पुलिस की टीम जब क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति ग्राम खड़ामाचा से राजाअंबा के जंगल के रास्ते भारी संख्या में गौ-वंशों को क्रूरतापूर्वक पीटते हुए पैदल ही ओडिशा राज्य की ओर ले जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां पुलिस ने देखा कि चार संदिग्ध व्यक्ति मवेशियों को बेरहमी से हांक रहे थे। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर तीन आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम तरुण चौहान (45 वर्ष), शोभन नागवंशी (47 वर्ष) और सीता राम नागवंशी (42 वर्ष) बताया, जो सभी बागबहार क्षेत्र के ही निवासी हैं। आरोपियों के पास मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने 12 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद कर उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। पकड़े गए तस्करों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक शर्मा, एएसआई हरिशंकर राम और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की पुष्टि करते हुए डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा

RELATED ARTICLES

Most Popular