HomeUncategorizedयुवाओं ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प, जशपुर में...

युवाओं ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प, जशपुर में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि….

जशपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् जिला जशपुर और विवेकानंद यूथ सर्कल के संयुक्त तत्वावधान में शहीद दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल के सामने स्थित जय स्तंभ चौक में गरिमामयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जय स्तंभ स्थल के चारों ओर दीप प्रज्वलित कर और अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय” के नारों से गुंजायमान रहा और उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों को नमन किया।

इस अवसर पर युवा साथी हेमराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हमें सदैव राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है और हमें उनके उच्च आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं पूर्व एबीवीपी जिला संयोजक विवेक पाठक ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान का संक्षिप्त विवरण देते हुए उनके स्वतंत्रता संग्राम में संघर्षों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए एक मार्गदर्शक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि आज की युवा पीढ़ी शहीदों के त्याग को आत्मसात कर ले, तो समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है।

नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, वह इन्हीं वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है।

कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक मनमोहन सिंह ने सभी वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त किया और युवाओं को राष्ट्र पुनर्निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए “वन्दे मातरम्” गीत के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

इस अवसर पर गिरेंद्र मिश्रा, परमानंद मिश्रा, गुरुदेव प्रसाद, राहुल कश्यप, परमेश्वर सिंह, मुकेश प्रधान सहित एबीवीपी और विवेकानंद यूथ सर्कल के अनेक कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular