HomeUncategorizedग्राम पंचायत महनई में कुआं निर्माण को लेकर उठा विवाद थमा, प्रशासन...

ग्राम पंचायत महनई में कुआं निर्माण को लेकर उठा विवाद थमा, प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग पर कार्य स्थल बदलने के दिए निर्देश


महनई में कुआं निर्माण को लेकर उठा विवाद थमा, प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग पर कार्य स्थल बदलने के दिए निर्देश
जशपुर/बगीचा (26 मार्च 2026): जशपुर जिले के बगीचा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत महनई में सार्वजनिक कुआं निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। बीते 25 मार्च को यूट्यूब चैनलों और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थल निरीक्षण के आदेश दिए थे। निरीक्षण के बाद प्राप्त जानकारी के अनुसार, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत गरांज पहाड़ी कोरवा बस्ती में स्वीकृत किए गए इस कुआं निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है।


निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि शिकायत में जिस निजी भूमि (अरविंद पिता पुरन) पर निर्माण का आरोप लगाया गया था, वह तथ्य तकनीकी रूप से सही नहीं पाया गया। जांच दल ने पाया कि निर्माण कार्य नियमानुसार शासकीय भूमि पर ही प्रारंभ किया गया था और उसी स्थान की जियोटैगिंग भी की गई थी। हालांकि, गरांज बस्ती की भौगोलिक बनावट को देखते हुए, जहाँ 7-8 पहाड़ी कोरवा परिवारों के घर एक-दूसरे से काफी दूरी पर स्थित हैं, ग्रामीणों ने स्थान चयन पर अपनी असहमति जताई।


मौके पर मौजूद सरपंच और स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा करने पर यह बात सामने आई कि यदि इस कुएं का निर्माण ‘भोगडा पहाड़ी’ के घर के समीप शासकीय भूमि पर किया जाता है, तो यह पूरी बस्ती के लिए अधिक उपयोगी सिद्ध होगा। जनभावना और ग्रामीणों की वास्तविक जरूरत को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने वर्तमान स्थल पर काम बंद करने का निर्णय लिया है। जनपद सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे भोगडा पहाड़ी के घर के पास नई शासकीय भूमि का चिन्हांकन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि पेयजल की सुविधा सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular