HomeUncategorizedPDS बारदानों की हेराफेरी मामले में सूरजपुर और अंबिकापुर से दो आरोपी...

PDS बारदानों की हेराफेरी मामले में सूरजपुर और अंबिकापुर से दो आरोपी गिरफ्तार, पिकअप वाहन और 4000 नग बारदाने जब्त


जशपुर/कांसाबेल: जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के बारदानों के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में मुख्य आरोपी रिजवान अली और गबन के बारदानों को खरीदने वाले व्यापारी सुधीर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 4,000 नग बारदाने और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक MP 65-GA-0244 को भी जब्त कर लिया है। जशपुर पुलिस की यह कार्रवाई जिला विपणन अधिकारी की लिखित रिपोर्ट और कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति की पुष्टि के बाद की गई है।


पूरा मामला वर्ष 2022-23 से जुड़ा है, जब छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित जशपुर द्वारा आरोपी रिजवान अली को अनुबंध के आधार पर उचित मूल्य दुकानों से खाली बारदाने संकलित कर कुनकुरी स्थित गोदाम में पहुँचाने का जिम्मा सौंपा गया था। संकलन के दौरान अनियमितता की शिकायत मिलने पर जब जांच कराई गई, तो पता चला कि आरोपी ने कुल 33,850 नग बारदाने, जिनकी सरकारी कीमत लगभग 8 लाख 39 हजार 500 रुपये थी, उन्हें सरकारी गोदाम में जमा न कर निजी लाभ के लिए गबन कर दिया। इस गंभीर वित्तीय अनियमितता पर धारा 408, 420 और 411 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर सूरजपुर और अंबिकापुर रवाना की गई थी। पुलिस टीम ने दबिश देकर सूरजपुर निवासी मुख्य आरोपी रिजवान अली को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर अंबिकापुर से खरीदार सुधीर साहू को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस प्रशासन अब शेष बारदानों की बरामदगी के लिए आगे की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular