HomeUncategorizedजशपुर के रणजीता स्टेडियम में आज 240 जोड़े रचाएंगे ब्याह, मुख्यमंत्री विष्णु...

जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आज 240 जोड़े रचाएंगे ब्याह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देंगे आशीर्वाद

जशपुर। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आज 28 मार्च को एक भव्य और गरिमामय सामूहिक विवाह समारोह संपन्न होने जा रहा है। जिला मुख्यालय स्थित रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में जिले के 240 जोड़े पूरे विधि-विधान के साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। इस मांगलिक अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं उपस्थित होकर नवदंपतियों को अपना स्नेह और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

​इस वर्ष का आयोजन कई मायनों में ऐतिहासिक और यादगार बनाया गया है। प्रशासन की एक अनूठी पहल के तहत बेटियों के विवाह से पूर्व उनके लिए मयाली नेचर कैंप जैसे खूबसूरत स्थल पर प्री-वेडिंग शूटिंग का विशेष प्रबंध किया गया। इसके साथ ही विवाह की रस्मों को पारिवारिक उल्लास देने के लिए बेटियों के लिए विधिवत मेहंदी, हल्दी और भव्य संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का माहौल बना रहा।

​आर्थिक सहायता के दृष्टिकोण से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के लिए कुल 50 हजार रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। इसमें नववधू के भविष्य की सुरक्षा हेतु 35 हजार रुपये का चेक प्रदान किया जाता है, जबकि 7 हजार रुपये की राशि से आवश्यक वैवाहिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त 8 हजार रुपये प्रति जोड़ा विवाह के सामूहिक आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किया जाता है। फिलहाल रणजीता स्टेडियम में उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन मुस्तैद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular