HomeUncategorizedजशपुर: 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 38...

जशपुर: ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 38 मवेशी मुक्त, तस्कर फरार,पढ़िये पूरी खबर…..


जशपुर। जिले में गौ-तस्करी के विरुद्ध पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ पूरी सख्ती के साथ जारी है। इसी कड़ी में जशपुर पुलिस ने कांसाबेल थाना क्षेत्र में एक ट्रक से तस्करी कर ले जाए जा रहे 38 नग गौ-वंशों को मुक्त कराने में बड़ी सफलता हासिल की है। हालांकि, पुलिस को देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।


घेराबंदी देख ट्रक लेकर भागा चालक
यह पूरी कार्रवाई 18 अप्रैल 2026 की सुबह पुलिस कप्तान डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक JH-02-BM-4221 में भारी मात्रा में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर नेशनल हाईवे-43 के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कांसाबेल पुलिस की टीम ने बेला घाट पर नाकाबंदी कर दी।


संदेह के घेरे में आए ट्रक को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक ग्राम नारायण बहली के पास सड़क किनारे ट्रक छोड़कर जंगल की आड़ में फरार हो गया।
त्रिपाल के नीचे ठूंस-ठूंस कर भरे थे मवेशी
पुलिस ने जब लावारिस खड़े ट्रक की तलाशी ली, तो पाया कि ट्रॉली को भूरे रंग की त्रिपाल से ढंका गया था। त्रिपाल हटाने पर अंदर का दृश्य भयावह था; वहां 38 नग गौ-वंशों को बेहद बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सकुशल बरामद कर उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया है।


कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में थाना कांसाबेल में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, और 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।


इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में कांसाबेल थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, गोविंद नायक, आरक्षक शरद बेहरा और कमल शांति खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामले पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गौ-तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और तस्करों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular