HomeUncategorizedशादी का झांसा देकर युवती से पांच साल तक दुष्कर्म, पत्थलगांव पुलिस...

शादी का झांसा देकर युवती से पांच साल तक दुष्कर्म, पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

पत्थलगांव (जशपुर) | जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


घटना का विवरण देते हुए बताया गया कि पीड़िता की मुलाकात आरोपी सुरेन्द्र सिंह ठाकुर (31 वर्ष) से फरवरी 2021 में एक विवाह समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई। मार्च 2021 में आरोपी ने पीड़िता को मिलने के बहाने पत्थलगांव बुलाया और अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में घुमाने के दौरान एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने शादी का प्रलोभन देकर पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया।


आरोपी पिछले पांच वर्षों से शादी का वादा कर लगातार पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा। हाल ही में जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने न केवल इंकार कर दिया बल्कि उसने कहीं और सगाई भी कर ली। इसके बाद पीड़िता ने थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी सुरेन्द्र सिंह ठाकुर को हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक खिरोबती बेहरा, प्रधान आरक्षक मिथलेश यादव और आरक्षक आशीषन प्रभात टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular