HomeUncategorizedकुनकुरी में हेलमेट जागरूकता रैली का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती...

कुनकुरी में हेलमेट जागरूकता रैली का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने दिखाई हरी झंडी …….


कुनकुरी/जशपुर: सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा आयोजित वृहद हेलमेट रैली का आज कुनकुरी में सफल आयोजन हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने हरी झंडी दिखाकर किया। कुनकुरी खेल मैदान से शुरू होकर यह रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों जैसे बस स्टैंड, डुगडुगिया और जशपुर रोड से होते हुए सलियाटोली तक पहुंची, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई।


मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर सामाजिक चिंता का विषय हैं, जिन्हें केवल नियम बनाने से नहीं बल्कि नागरिक जिम्मेदारी से ही रोका जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि बिना हेलमेट और तेज गति से वाहन चलाना साहस नहीं बल्कि जीवन को जोखिम में डालना है। उन्होंने “हम बदलेंगे तो युग बदलेगा” का संदेश देते हुए सभी को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन की सामूहिक शपथ दिलाई।


कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के कवच हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सावधानी ही दुर्घटनाओं से बचने का सबसे बड़ा उपाय है। वहीं, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के बीते वर्ष के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में हुई दुर्घटनाओं में मरने वाले अधिकांश लोगों की जान बचाई जा सकती थी यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि एक व्यक्ति की मृत्यु का प्रभाव उसके परिवार की आने वाली तीन पीढ़ियों पर पड़ता है, इसलिए स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार के कुशल संचालन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में समाजसेवी श्री राजीव नंदे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। रैली के दौरान नागरिकों ने स्वयं जागरूकता वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, ताकि सुरक्षा का यह संदेश घर-घर तक पहुंच सके। जशपुर पुलिस का यह अभियान आने वाले समय में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क सुरक्षा को लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular