HomeUncategorizedऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, टाटा सूमो से...

ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, टाटा सूमो से 5 गोवंश मुक्त और फरार तस्कर गिरफ्तार


जशपुर/लोदाम: जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत लोदाम पुलिस को दोहरी सफलता मिली है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जहाँ एक ओर चलती गाड़ी से तस्करी किए जा रहे गोवंशों को बचाया, वहीं दूसरी ओर महीनों से फरार चल रहे एक शातिर तस्कर को सलाखों के पीछे भेज दिया है।


पहली घटना 7 मई की सुबह की है जब लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा सूमो गोल्ड वाहन में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने आरटीओ बैरियर पर घेराबंदी की, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे तेजी से भगा दिया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो तस्कर ग्राम पीड़ी मार्ग में झाबू नदी पुल के पास वाहन छोड़कर जंगलों में फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की जांच की तो पाया कि पिछली सीटें निकालकर उसमें 05 गोवंशों को निर्दयता से ठूंसा गया था। पुलिस ने सभी पशुओं को सकुशल बरामद कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


एक अन्य महत्वपूर्ण कार्यवाही में पुलिस ने 12 फरवरी 2026 से फरार चल रहे आरोपी महबूब शाह उर्फ हगन महबूब उर्फ लकड़ बाबा को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पूर्व में कोनबीरा जंगल के पास हुए गो-तस्करी के मामले में वांछित था। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने गांव साईं टांगर टोली में छिपा है, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


इन दोनों मामलों में थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार साहू सहित उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गो-तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा और ऑपरेशन शंखनाद इसी तरह जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular