HomeUncategorizedसुशासन तिहार पण्ड्रापाठ में चमकीं पाठ क्षेत्र की बेटियाँ, विधायक रायमुनी भगत...

सुशासन तिहार पण्ड्रापाठ में चमकीं पाठ क्षेत्र की बेटियाँ, विधायक रायमुनी भगत ने मेधावी छात्रा देवहूती और मीना यादव को किया सम्मानित…..

रविंद्र यादव जशपुर। जशपुर जिले के पंडरापाठ में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ का मंच उस समय गौरव से भर गया जब क्षेत्र की लाडलियों ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक रायमुनी भगत ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस सम्मान समारोह में देव संस्कृति विद्या मंदिर चूंदापाठ की छात्रा कु. देवहूती यादव और शासकीय हाई स्कूल पंड्रापाठ की छात्रा मीना यादव विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।


पण्ड्रापाठ क्षेत्र के लिए यह दोहरी खुशी का अवसर था। देव संस्कृति विद्या मंदिर चूंदापाठ की होनहार छात्रा कु. देवहूती यादव ने 10वीं की परीक्षा में 91% अंक प्राप्त कर एक बड़ा कीर्तिमान रचा है। देवहूती ने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे पण्ड्रापाठ संकुल सहित पाठ क्षेत्र के सभी 17 संकुलों में सर्वाधिक अंक लाकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विधायक रायमुनी भगत ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया और उनकी मेधा की सराहना की।


इसी क्रम में शासकीय हाई स्कूल पंड्रापाठ की प्रतिभाशाली छात्रा मीना यादव को भी मंच पर गरिमामय सम्मान मिला। मीना ने 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 85.8% अंक हासिल कर अपनी मेहनत का परिचय दिया है। उनकी इस सफलता पर विधायक ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश की बेटियाँ आज हर बाधा को पार कर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।

उन्होंने दोनों छात्राओं की सफलता को पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया।
सम्मान पाकर गदगद छात्राओं ने अपनी इस कामयाबी का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को दिया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पण्ड्रापाठ और चूंदापाठ सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार और स्थानीय नागरिकों ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इन बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य ऊंचा हो और मेहनत निरंतर की जाए, तो कोई भी मुकाम हासिल करना असंभव नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular