HomeUncategorizedलोदाम मंडी चेक पोस्ट केवल दिखावा: बिना चेकिंग के पार हो रहे...

लोदाम मंडी चेक पोस्ट केवल दिखावा: बिना चेकिंग के पार हो रहे वाहन, सुरक्षा और राजस्व को चूना…

जशपुर 21 जून: छत्तीसगढ़ और झारखंड की अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित लोदाम कृषि उपज मंडी का चेक पोस्ट इन दिनों सवालों के घेरे में है। यह बैरियर शोपीस बनकर रह गया है क्योंकि धरातल पर यहां तैनात कर्मचारियों को अपनी शासकीय जिम्मेदारियों से कोई सरोकार नहीं है। बैरियर हमेशा खुला रहता है, जिससे बिना किसी जांच-पड़ताल के हर छोटी-बड़ी गाड़ियां छत्तीसगढ़ की सीमा में बेधड़क दाखिल हो रही हैं।

सालों से जमे हैं कर्मचारी

‘सीजन’ में दिखती है भारी सक्रियता विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस चेक पोस्ट पर पदस्थ कर्मचारी वर्षों से एक ही जगह कुंडली मारकर बैठे हैं। नियमों को ताक पर रखकर आखिर इन कर्मचारियों को इतने लंबे समय तक एक ही जगह पर क्यों पदस्थ कर रखा गया है, यह अपने आप में एक बड़ा सवाल है।हैरानी की बात तो यह है कि ये कर्मचारी आम दिनों में पूरी तरह निष्क्रिय रहते हैं, लेकिन जैसे ही धान, मक्का और अन्य फसलों का ‘सीजन’ आता है, तो यहां के लापरवाह कर्मचारी सक्रिय हो जाते हैं सूत्रों का दावा है कि सीजन के दौरान दूसरे राज्यों से अनाज लोड करके छत्तीसगढ़ आने वाले हर वाहन से अवैध वसूली का खेल खेला जाता है। पैसे के इस लेन-देन के चक्कर में बिना वैध दस्तावेजों के भी गाड़ियां पार करा दी जाती हैं।

उच्चाधिकारियों के संरक्षण के बिना यह खेल मुमकिन नहीं?

आम जनता और जागरूक नागरिकों के बीच अब यह सवाल तेजी से गूंज रहा है कि बिना किसी ऊंचे रसूख या विभागीय संरक्षण के, कोई अदना सा कर्मचारी अंतरराज्यीय सीमा जैसे संवेदनशील पोस्ट पर सालों-साल इस तरह की मनमानी कैसे कर सकता है?

क्या इस अवैध खेल की कड़ियां ऊपर तक जुड़ी हुई हैं?

फिलहाल, लोदाम मंडी बैरियर का यह खुला खेल शासन-प्रशासन के चौकस दावों की धज्जियां उड़ा रहा है। अब देखना होगा कि इस गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के मामले पर उच्च अधिकारी क्या एक्शन लेते हैं, या फिर विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों के लिए एटीएम बना यह बैरियर अवैध वसूली का अड्डा बना रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular