HomeUncategorizedजशपुर के चुंदापाठ में नाबालिग पहाड़ी कोरवा युवती की संदिग्ध मौत, पेड़...

जशपुर के चुंदापाठ में नाबालिग पहाड़ी कोरवा युवती की संदिग्ध मौत, पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव; हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस……

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरापाठ चौकी के चुंदापाठ कदमटोली में एक नाबालिग पहाड़ी कोरवा लड़की का शव सरई के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गांव में रिश्तेदारों के साथ एक सगाई समारोह में खाने-पीने का कार्यक्रम आयोजित था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान मृतिका को आखिरी बार एक युवक के साथ जाते हुए देखा गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह उसका शव बस्ती से लगे सरई के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।


सूचना मिलने पर बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले, थाना प्रभारी गौरव पांडे तथा पंडरापाठ चौकी प्रभारी एस.के. सोनवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मेडिकल टीम की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लोकलाज के भय से आत्महत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि, मामले में दुष्कर्म की आशंका को भी गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।


बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा ने बताया कि दुष्कर्म की पुष्टि या खंडन केवल एफएसएल और अन्य फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगा। आवश्यक साक्ष्य और नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular