HomeUncategorizedएसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित, निर्देशित और अभिनीत बहुप्रतीक्षित शॉर्ट फिल्म...

एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित, निर्देशित और अभिनीत बहुप्रतीक्षित शॉर्ट फिल्म “खौफ – द डिजिटल वॉर” आज होगी रिलीज

जशपुर/रायगढ़: साइबर अपराध और डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह की एक अनोखी और सराहनीय पहल सामने आई है। उनके द्वारा लिखित, निर्देशित और अभिनीत बहुप्रतीक्षित शॉर्ट फिल्म ‘ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर’ का आज यानी 4 अप्रैल को जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल में रात्रि 8:00 बजे भव्य विमोचन होने जा रहा है। इस विशेष गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय जी उपस्थित रहेंगी।


विदित हो कि एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह पुलिस अधिकारी के दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए समाज के ज्वलंत मुद्दों पर पहले भी शॉर्ट फिल्में बनाते रहे हैं। वर्तमान तकनीकी युग में जहां डिजिटल सुविधाओं ने जीवन को आसान बनाया है, वहीं साइबर ठग इसका गलत फायदा उठा रहे हैं। अपराधी अक्सर खुद को पुलिस, सीबीआई, एनआईए या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और ठगी का शिकार बनाते हैं। इन्हीं गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस फिल्म की कहानी खुद लिखी और निर्देशन भी किया है।
इस फिल्म में अभिनय करते हुए वे स्वयं एक ऐसे स्कूल टीचर के मुख्य किरदार में नजर आएंगे जो खुद साइबर ठगी का शिकार हो जाता है। फिल्म के जरिए संदेश दिया गया है कि “डिजिटल दुनिया में जागरूकता ही सुरक्षा है।” टेक 3 स्टूडियोज (Take 3 Studios) द्वारा निर्मित इस फिल्म में सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी कॉल्स, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, संदिग्ध लिंक और स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स के जरिए होने वाले अपराधों को बेहद सजीव तरीके से दर्शाया गया है। इसके अलावा फिल्म में छत्तीसगढ़ पुलिस, साइबर सेल की कार्यप्रणाली और शिकायत दर्ज कराने की त्वरित प्रक्रिया को भी सजीव रूप में दिखाया गया है ताकि जनता का भरोसा पुलिस पर और मजबूत हो सके।


इस फिल्म की एक बड़ी खासियत यह भी है कि इसमें जशपुर, रायपुर, दुर्ग और कोरबा सहित प्रदेश की कई स्थानीय प्रतिभाओं को अभिनय करने का मौका दिया गया है। फिल्म के डीओपी (DOP) श्री अनुज कुमार हैं। वहीं अभिनय में एसएसपी शशि मोहन सिंह के साथ सुश्री आरवी सिन्हा, दीपा महंत, राम प्रकाश पाण्डेय, ऋभु समर्थ सिंह, कुंदन सिंह, प्रवीण अग्रवाल और विजय सिंह राजपूत जैसे कई चर्चित चेहरे नजर आएंगे। फिल्म की पटकथा तोरण राजपूत और संवाद घनश्याम द्वारा लिखे गए हैं।


इस पहल पर बात करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि डिजिटल फ्रॉड को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार कानूनी कार्रवाई कर रही है, लेकिन लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस फिल्म का निर्माण किया गया है और इसमें स्थानीय कलाकारों को भी प्राथमिकता दी गई है ताकि समाज को जागरूक करने के साथ-साथ हमारी स्थानीय प्रतिभाओं को भी एक बड़ा मंच मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular