HomeUncategorizedऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने पकड़ा 40 लाख का गांजा, बिहार का...

ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने पकड़ा 40 लाख का गांजा, बिहार का तस्कर गिरफ्तार

जशपुर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तपकरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लावाकेरा चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर एक हुंडई वरना कार से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। इस कार्यवाही में पुलिस ने बिहार निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी एक महिला साथी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

​पूरी घटना 26 फरवरी 2026 की है, जब मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक सिल्वर रंग की दिल्ली पासिंग कार (DL-8C-AX-8014) में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक के नेतृत्व में टीम ने लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध वाहन के पहुँचते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो कार की डिक्की में स्टेपनी रखने वाली जगह पर बड़ी चतुराई से छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के बोरे मिले। जाँच करने पर बोरों के भीतर 65 पैकेटों में भरा कुल 67 किलो 135 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

​पकड़ा गया आरोपी सुमन कुमार हिमांशु (36 वर्ष), जो बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र का निवासी है, उसने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि करीब दो-तीन महीने पहले हाजीपुर में उसकी पहचान एक महिला से हुई थी। उसी महिला के कहने पर वह ओडिशा के संबलपुर आया और वहां से गांजा लेकर वापस बिहार लौट रहा था। आरोपी के अनुसार, उसकी महिला साथी ओडिशा सीमा के भीतर ही कार से उतर गई थी और उसे अकेले ही खेप लेकर पटना पहुँचने को कहा था। इसके बदले उसे मोटी रकम देने का वादा किया गया था।

​पुलिस ने मामले में प्रयुक्त हुंडई वरना कार और 67 किलो से अधिक गांजा जप्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। इसमें गांजे की कीमत 33 लाख 55 हजार रुपये और कार की कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर फरार महिला साथी और गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular