HomeUncategorizedऑपरेशन प्रहार: रायगढ़ पुलिस ने 22.75 टन अवैध कबाड़ के साथ ट्रक...

ऑपरेशन प्रहार: रायगढ़ पुलिस ने 22.75 टन अवैध कबाड़ के साथ ट्रक किया जब्त, 18 लाख की हुई रिकवरी

रायगढ़, 18 मार्च 2026: रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन और सख्त निर्देशों के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अवैध स्क्रेप कबाड़ जब्त किया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने पुलिस टीम को सक्रिय किया और गेरवानी स्थित अमरजीत ढाबा के सामने घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक OR07 W 8355 को रुकवाया।

​तलाशी के दौरान वाहन में 22.75 टन अवैध स्क्रेप लोड पाया गया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 9 लाख रुपये आंका गया है। वाहन चालक राजेश यादव, जो कि बिहार के पटना जिले का निवासी है, इस सामग्री के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या रसीद पेश नहीं कर सका। पुलिस ने चोरी का माल होने के प्रबल संदेह पर 9 लाख रुपये मूल्य के ट्रक और 9 लाख रुपये के कबाड़ सहित कुल 18 लाख रुपये की संपत्ति को विधिवत जब्त कर लिया है। आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

​एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई के माध्यम से कबाड़ माफियाओं को कड़ा संदेश दिया है कि अवैध परिवहन और चोरी के माल की खरीदी-बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी और विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular