HomeUncategorizedऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 74 गोवंश मुक्त...

ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 74 गोवंश मुक्त और दो तस्कर गिरफ्तार

​जशपुर जिले में गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के अंतर्गत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के कुशल नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने पिछले तीन दिनों के भीतर दो अलग-अलग मामलों में कार्यवाही करते हुए कुल 74 गोवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस पूरी कार्यवाही के दौरान पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक 20 वर्षीय युवक अमन टोप्पो और एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक शामिल है।

​नारायणपुर क्षेत्र की घटना 2 फरवरी की सुबह की है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ईब नदी के किनारे ग्राम चटकपुर के पास भारी संख्या में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक हांककर झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने पीछा कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी घने जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने 11 अन्य साथियों के साथ मिलकर इन पशुओं को झारखंड के गोविंदपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 32 गोवंश बरामद किए हैं और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

​वहीं दूसरी कार्यवाही मनोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम केसरा में ग्रामीणों के सहयोग से की गई। यहाँ 31 जनवरी की शाम को ग्रामीणों ने जागरूकता दिखाते हुए तस्करों द्वारा ले जाए जा रहे 42 गोवंशों को छुड़ाया और पुलिस को सूचित किया। हालांकि ग्रामीणों को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सभी बरामद पशुओं का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया है। इन दोनों ही मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गो-तस्करी से जुड़े किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular