HomeUncategorizedऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने पिकअप से मुक्त कराए 9 गौ-वंश, आदतन...

ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने पिकअप से मुक्त कराए 9 गौ-वंश, आदतन तस्कर इमरान खान गिरफ्तार


जशपुर। जिले में गौ-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत लोदाम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के कुशल नेतृत्व में कार्य करते हुए पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे 43 पर नाकाबंदी कर एक पिकअप वाहन से 09 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी तस्कर इमरान खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 14 अप्रैल को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FP-3193 में अवैध रूप से मवेशियों को भरकर झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही लोदाम पुलिस ने पतराटोली और भलमंडा तिराहा के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने वाहन तेज रफ्तार से भगाने की कोशिश की और अंततः जंगल का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक ठूस-ठूस कर भरे हुए 9 मवेशी बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अपनी सुरक्षा में लिया।


पकड़ा गया आरोपी इमरान खान पिता मुस्तकिम खान, निवासी साईं टांगर टोली, एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी लोदाम, नारायणपुर और कुनकुरी थानों में गौ-तस्करी और चोरी के कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।


उल्लेखनीय है कि जशपुर पुलिस पिछले दो सप्ताह से तस्करों पर काल बनकर टूटी है। इस लघु अवधि में पुलिस ने बगीचा, नारायणपुर, लोदाम, दोकड़ा, सोनक्यारी और आरा जैसे क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 82 नग गौ-वंशों को मुक्त कराया है। इस दौरान 08 तस्करों की गिरफ्तारी के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, पिकअप और स्कॉर्पियो जैसे वाहनों को भी जब्त किया गया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गौ-तस्करी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम चौबीसों घंटे काम कर रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular