HomeUncategorizedचरित्र शंका में पति बना हैवान, पत्नी की धारदार हथियार से गला...

चरित्र शंका में पति बना हैवान, पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। ग्राम पुटली निवासी 56 वर्षीय आरोपी जेरोम तिर्की ने अपनी 53 वर्षीया पत्नी अलकिसलिया तिर्की के चरित्र पर शक करते हुए विवाद के दौरान घर में रखे लोहे के हथियार (दौली) से उसके गले पर जानलेवा वार किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

​घटना 6 मार्च 2026 की रात लगभग 2:30 बजे की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद अपने छोटे भाई जूलियस तिर्की के घर जाकर उसे हत्या की जानकारी दी। जब परिजन मौके पर पहुँचे, तो उन्होंने अलकिसलिया का शव बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पाया, जिसके गले पर गहरे जख्म के निशान थे। प्रार्थी जूलियस तिर्की की रिपोर्ट पर तपकरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जेरोम तिर्की के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में ले लिया।

​पुलिस की शुरुआती जांच और स्थल निरीक्षण के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक सहित सहायक उप निरीक्षक रामजी साय पैंकरा, प्रेमिका कुजूर और अन्य आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular