HomeUncategorizedजमीन के पैसों के लिए अपनों ने ही रची मौत की साजिश,पिता...

जमीन के पैसों के लिए अपनों ने ही रची मौत की साजिश,पिता ने बेटे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, पूरा परिवार गिरफ्तार

जशपुर/नारायणपुर। जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहाँ पैसों के लालच में पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। जमीन बिक्री के हिस्से की रकम मांगने पर एक पिता ने अपने ही सगे बेटे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और उसे जान से मारने की कोशिश की। इस खौफनाक साजिश में घायल युवक की मां और छोटे भाई ने भी पिता का साथ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, माता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया कामना भगत ने अंबिकापुर के होलीक्रॉस हॉस्पिटल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके ससुर शिवशंकर यादव ने दो साल पहले जमीन बेची थी। इस बिक्री से मिले पैसों में प्रार्थिया का पति कौशल यादव (30 वर्ष) अपना हिस्सा मांग रहा था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। बीते 13 फरवरी को यह विवाद इतना बढ़ गया कि ससुर शिवशंकर यादव, सास चन्द्रमुनी भगत और देवर अंकुश यादव ने एक राय होकर कौशल के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आवेश में आकर पिता शिवशंकर ने अपने ही बेटे कौशल पर पेट्रोल डाल दिया और माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया।

​आग की लपटों में घिरे कौशल को गंभीर हालत में इलाज के लिए अंबिकापुर के होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चूंकि मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का था, इसलिए अस्पताल की ‘बिना नंबरी’ रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए नारायणपुर पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), और 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और विवेचना शुरू की।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नारायणपुर पुलिस ने तत्काल दबिश देकर तीनों आरोपियों—55 वर्षीय शिवशंकर यादव, 47 वर्षीय चन्द्रमुनी भगत और 27 वर्षीय अंकुश यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular