HomeUncategorizedजशपुर की जांबाज बिफनी बाई का 'सजल' समूह ने किया भव्य सम्मान,पीठ...

जशपुर की जांबाज बिफनी बाई का ‘सजल’ समूह ने किया भव्य सम्मान,पीठ पर प्रसूता को लादकर उफनती नदी पार कराने वाली साहसी महिला का जशपुर में आत्मीय अभिनंदन….


जशपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में किन्हीं कारणों से अनुपस्थित रहीं क्षेत्र की साहसी महिला बिफनी बाई का आज जशपुर जिला मुख्यालय पहुंचने पर ‘सजल’ समूह द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। संकल्प की टीम लगातार उनके संपर्क में थी और जैसे ही वे आज सुबह जशपुर पहुंचीं, समूह की सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बिफनी बाई को मोमेंटो, साड़ी, बुके, श्रीफल और प्रोत्साहन राशि का लिफाफा भेंट कर ‘संघर्षशील महिला सम्मान’ से नवाजा गया। यह सम्मान पाकर बिफनी बाई भावुक और प्रसन्न नजर आईं और उन्होंने सजल की पूरी टीम का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया।


सम्मान समारोह के दौरान बिफनी बाई ने उस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना को फिर से साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर एक प्रसूता को अपनी पीठ पर बांधकर उफनती नदी पार कराई थी। उन्होंने बताया कि यदि वे उस वक्त त्वरित निर्णय लेकर यह साहसिक कदम नहीं उठातीं, तो प्रसूता और होने वाले बच्चे दोनों की जान जा सकती थी। उनके इस मानवीय कार्य और जज्बे की सभी उपस्थित सदस्यों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।


विदित हो कि ‘सजल’ 15 जागरूक महिलाओं का एक समर्पित समूह है, जो हर महीने अपनी बचत से कुछ राशि जमा कर जरूरतमंदों की सेवा और मदद के लिए हाथ बढ़ाता है। समूह द्वारा हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर वृहद आयोजन किया जाता है, जिसमें अनीता स्मृति पुरस्कार, संघर्षशील महिला पुरस्कार, लेखन और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। इस अवसर पर सजल सदस्य ममता सिन्हा ने बताया कि आगामी वर्ष भी इसी तरह का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक नई पहल के तहत बच्चों के विकास के लिए कार्य करने वाले दो विशेष शिक्षकों को भी सजल सम्मान दिया जाएगा।


इस गरिमामयी अवसर पर सजल समूह की सदस्य ज्योति श्रीवास्तव, सीमा गुप्ता, रेखा सिंह, ममता सिन्हा, हेमा शर्मा, अभिलाषा गुप्ता, ज्योति साहनी, सरिता साहू, रीना सोनी, शशि साहू, मंजुला झा, किरण महतो, डॉली कुशवाहा, नीतू श्रीवास्तव और सुलोचना महापात्रे प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular