HomeUncategorizedजशपुर के किराना व्यापारी के दुकान में हुई चोरी का जशपुर पुलिस...

जशपुर के किराना व्यापारी के दुकान में हुई चोरी का जशपुर पुलिस ने किया खुलासा, चोरी का सामान खरीदने वाले सहित 06 चोर गिरफ्तार

जशपुर। जशपुर जिले में किराना व्यापारी की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर निवासी विक्रम ताम्रकार की लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित “विक्रम किराना दुकान” में 08 और 09 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर दुकान से रिफाइन तेल, चावल, सरसों तेल, साबुन, सिगरेट सहित लगभग एक लाख रुपये की सामग्री चोरी कर ले गए थे।

घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(A), 3(5) एवं 317(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर टीम की मदद ली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

जांच के दौरान नवाटोली, बनियाटोली, सरना टोली और करबला रोड के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी नवाजिश खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान नवाजिश खान के ऑटो में भरकर झारखंड के गुमला जिले के सकतारा गांव निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने झारखंड के गुमला जिले में दबिश देकर अमृत लाल केरकेट्टा को गिरफ्तार किया। वहीं फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा (झारखंड) से पकड़कर जशपुर लाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर वाला रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट, चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 1005 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत (29), अजय रवानी (40), कार्तिक भगत (26), पमित बरला (20), अमृत लाल केरकेट्टा (50) तथा नवाजिश खान (34) शामिल हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी नवाजिश खान को भी न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, साइबर सेल के उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी तथा चोरी और संगठित अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular