HomeUncategorizedजशपुर ; डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध...

जशपुर ; डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश


जशपुर: आज दिनांक 11 अप्रैल 2026 को पुलिस कार्यालय जशपुर में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, लोक अभियोजन अधिकारियों और थाना व चौकी प्रभारियों की उपस्थिति में जिले की कानून व्यवस्था और लंबित आपराधिक प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान डीआईजी ने अनुविभागवार लंबित अपराधों, चालान, मर्ग और शिकायतों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को पुराने मामलों का अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लंबित पीएम और एफएसएल रिपोर्ट को लेकर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जल्द रिपोर्ट जमा करने की बात कही।


बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री विपिन शर्मा द्वारा विशेष मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने विवेचना अधिकारियों को ‘चेन ऑफ कस्टडी’ की निरंतरता, जब्ती की विधिवत प्रक्रिया, सैंपलिंग और मालखाना प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया। अभियोजन अधिकारियों ने आगाह किया कि विवेचना के दौरान होने वाली छोटी सी तकनीकी त्रुटि, जैसे सीलिंग या लेबलिंग में कमी, न्यायालय में आरोपी को लाभ पहुंचा सकती है। इसलिए यह अनिवार्य है कि गांजा या अन्य नशीले पदार्थों की जब्ती के समय पंचनामा और साक्ष्यों का संकलन वैज्ञानिक पद्धति से किया जाए ताकि अपराधियों को कठोर दंड दिलाया जा सके।


अपराध नियंत्रण की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए एसएसपी ने गौ-तस्करी, अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबारों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने जशपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों और अंतरराज्यीय मार्गों पर कड़ी नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा है। इसके साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने वाले उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने तथा मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया गया ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवर स्पीडिंग, बिना नंबर प्लेट और मालवाहकों पर सवारी बैठाने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को स्वयं क्षेत्र में ‘विजिबल पुलिसिंग’ के तहत पैदल मार्च और शाम की गश्त करने को कहा ताकि आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव सुदृढ़ हो सके।


अंत में डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले किसी भी फरियादी को निराश होकर न लौटना पड़े। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति शालीन और सौहार्दपूर्ण होना चाहिए और सभी शिकायतों की जांच निष्पक्षता से की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों की उचित सुनवाई सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। बैठक में जिले के समस्त एसडीओपी, उप पुलिस अधीक्षक और कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular