HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी...

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी सहित 9 लोग गिरफ्तार, DIG की विशेष टीमों ने चंद घंटों में किया खुलासा


जशपुर। जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर सभी 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाला और आरोपियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस की सक्रियता का ही परिणाम रहा कि सूचना मिलते ही घेराबंदी कर सभी संदिग्धों को ढूंढ निकाला गया और उन्हें हिरासत में ले लिया गया।


घटनाक्रम के अनुसार, बीते 17 फरवरी 2026 को एक 35 वर्षीय महिला अपनी 13 वर्षीय नाबालिग भतीजी के साथ रिश्तेदारी से वापस अपने गांव लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक चौक के पास नौ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। डर के मारे महिला वहां से भाग निकली और परिजनों को जानकारी दी। जब प्रार्थी (बालिका का पिता) मौके पर पहुँचा, तो आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। दो दिन बाद नाबालिग बेटी ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को बताया कि घटना के दौरान मुख्य आरोपी उसे जबरन कुछ दूरी पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि बाकी आरोपी वहां खड़े होकर तमाशा देखते रहे। इतना ही नहीं, जब गांव वालों को इस बात की भनक लगी, तो आरोपियों ने प्रार्थी को पैसे का लालच देकर मामला दबाने की कोशिश की और पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी।


प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा (23 वर्ष) और एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक सहित उनके सहयोगियों—समीर मिंज, तेलेस्फोर मिंज, आनंद मिंज, रितेश कुमार टोप्पो, सुनीत तिर्की, अविनाश तिर्की और सत्या मिंज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) और पॉस्को एक्ट की कड़ी धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर और नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है।


इस सफल अभियान में निरीक्षक राकेश कुमार यादव सहित सहायक उप निरीक्षकों और आरक्षकों की विशेष भूमिका रही। डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और समाज में खौफ पैदा करने वाले ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नही जायेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular