HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: अधजली लाश की गुत्थी सुलझी, पत्नी ने...

जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: अधजली लाश की गुत्थी सुलझी, पत्नी ने ही बच्चों के साथ मिलकर की थी पति की हत्या


जशपुर। जशपुर पुलिस ने अंधे कत्ल के एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए तुरीटोंगरी के जंगल में मिली अधजली लाश की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। घरेलू विवाद और मारपीट से तंग आकर पत्नी ने ही खौफनाक साजिश रचकर पति को मौत के घाट उतारा और पहचान छिपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था।


क्या था पूरा मामला?
बीते 18 अक्टूबर 2025 को सिटी कोतवाली पुलिस को पुरना नगर के तुरीटोंगरी में एक अज्ञात युवक की अधजली लाश मिलने की सूचना मिली थी। शव की शिनाख्त करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी क्योंकि चेहरा और शरीर का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई।


DNA टेस्ट से हुई मृतक की पहचान
जांच के दौरान दिसंबर माह में मृतक के भाई ने हुलिए के आधार पर संदेह व्यक्त किया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी सुमित्रा भगत की गुमशुदगी रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया। पुलिस ने तुरीटोंगरी में मिले शव के सैंपल और मृतक के बच्चों के सैंपल का फॉरेंसिक लैब में डीएनऐ (DNA) टेस्ट कराया। रिपोर्ट मैच होने पर स्पष्ट हो गया कि मृतक महावीर राम भगत (49 वर्ष) निवासी गड़ियोटोगरी मनोरा ही था।


आवेश में आकर की हत्या, बच्चों के साथ मिलकर जलाया शव
पुलिस हिरासत में मनोवैज्ञानिक पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी सुमित्रा भगत टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका पति महावीर अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। घटना के दिन 18 अक्टूबर को जब महावीर स्कूटी और गैंती लेकर उसके घर पहुँचा, तो विवाद बढ़ गया। सुमित्रा ने डर और आवेश में आकर वही छोटी गैंती छीन ली और महावीर के सिर पर वार कर दिया। गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद, उसने शव को कमरे में छिपा दिया।
रात होने पर सुमित्रा ने अपनी दो नाबालिग बेटियों और पड़ोस के एक नाबालिग बालक की मदद से शव को लकड़ी की बल्ली से बांधकर जंगल पहुँचाया। वहाँ पहचान मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव को आग लगा दी गई।


पुलिस की कार्रवाई और टीम की भूमिका
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छोटी गैंती, पेट्रोल की जरकीन और टॉर्च बरामद कर ली है। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 103(1), 238(क) और 61(2)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जशपुर डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने इस अंधे कत्ल का खुलासा किया। मुख्य आरोपी सुमित्रा भगत को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, जबकि तीनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा। इस कार्यवाही में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, साइबर सेल और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular