HomeUncategorizedजशपुर: मामूली बात पर विवाद, बेटे ने पिता को दी दर्दनाक मौत,...

जशपुर: मामूली बात पर विवाद, बेटे ने पिता को दी दर्दनाक मौत, आरोपी बेटा को पुलिस ने पकड़ा भेजा जेल….

जशपुर के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्दी झरिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक कलयुगी बेटे ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपने ही पिता की लकड़ी के टुकड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बागबहार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


यह हृदयविदारक घटना हल्दी झरिया के बढ़ई पारा की है, जहाँ 26 वर्षीय आरोपी विजय कुमार नाग का अपने 45 वर्षीय पिता सदानंद नाग के साथ घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। 16 अप्रैल की शाम करीब साढ़े चार बजे पिता ने अपने बेटे को काम न करने की उलाहना दी और मिट्टी की गोली को गुलेल में फंसाकर उसे मारने का प्रयास किया। इस बात से आरोपी विजय इतना आगबबूला हो गया कि उसने पास ही पड़ी लकड़ी की फाड़ी उठाकर अपने पिता के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चोट इतनी गंभीर थी कि सदानंद नाग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


घटना की प्रत्यक्षदर्शी मृतक की पत्नी और आरोपी की सौतेली माँ ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम कराया, जिसमें सिर पर आई गंभीर चोट के कारण हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय नाग को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में बागबहार थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा और उनकी टीम ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी को भी जप्त कर लिया है। आज आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना बागबहार के पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular