HomeUncategorizedजशपुर में पत्नी ने बहनों और जीजा के साथ मिलकर की पति...

जशपुर में पत्नी ने बहनों और जीजा के साथ मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को भेजा जेल।

जशपुर : जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर केराडीह में घटित सनसनीखेज हत्याकांड का जशपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। आपसी विवाद और मारपीट के कारण हुई इस मौत के मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

​घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक सुनील राम करीब छह माह पूर्व कांसाबेल क्षेत्र की मीरा बाई को प्रेम संबंध के चलते अपने साथ ले आया था और पत्नी बनाकर साथ रख रहा था। विगत 1 मार्च को सुनील राम ने अपनी मां पार्वती बाई को बताया कि उसकी पत्नी मीरा बाई और उसके मायके पक्ष के रिश्तेदारों ने उसके साथ जमकर मारपीट की है, जिसके बाद मीरा बाई अपने परिजनों के साथ वापस चली गई। मारपीट की इस घटना के दो दिन बाद सुनील के शरीर में अचानक अत्यधिक दर्द शुरू हुआ और पानी पीते ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर नारायणपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि हुई।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और संदिग्धों की घेराबंदी शुरू की। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपिया और मृतक की पत्नी मीरा बाई ने स्वीकार किया कि उसने ही अपनी बहनों और जीजा को प्रेमनगर केराडीह बुलाया था। इस दौरान सुनील राम के साथ हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और सभी पांचों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जो अंततः सुनील की मौत का कारण बनी। गिरफ्तार आरोपियों में मीरा बाई (20 वर्ष), मुनिया बाई (38 वर्ष), मीना बाई (22 वर्ष), पुष्पा बाई (35 वर्ष) और शंकर राम (32 वर्ष) शामिल हैं।

​इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक विवेक भगत, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर सहित प्रधान आरक्षक उमेश मिंज और आरक्षक योगेश भगत व अन्य टीम सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास सुदृढ़ हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular