HomeUncategorizedजशपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बाबा साहब की 135वीं जयंती,...

जशपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बाबा साहब की 135वीं जयंती, विधायक और नपा अध्यक्ष ने दी पुष्पांजलि


जशपुरनगर। प्रति वर्ष की भाँति इस वर्ष भी संविधान निर्माता, भारत रत्न बोधिसत्व बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जन्म जयंती जय सतनाम कल्याण परिषद एवं रविदास कल्याण परिषद के संयुक्त तत्वाधान में अत्यंत गरिमामयी ढंग से मनाई गई। स्थानीय अम्बेडकर चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने की। इस अवसर पर पूर्व पर्यटन अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय, श्री नरेश नंदे और सामाजिक कार्यकर्ता कृपा शंकर भगत सहित अन्य गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट जनों द्वारा बाबा साहब की आदमक़द मूर्ति पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के माध्यम से समाज में न्याय, समानता और मानव गरिमा के उच्च आदर्शों को स्थापित किया है। उन्होंने बाबा साहब के कड़े जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की बारीकियों पर प्रकाश डाला और उनके कल्याणकारी संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने अपने उद्बोधन में बाबा साहब के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि आज वे जिस संवैधानिक पद पर आसीन हैं, वह बाबा साहब की ही देन है। उन्होंने घोषणा की कि संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप नगर का संचालन करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने अम्बेडकर चौक के जीर्णोद्धार के लिए साढ़े सात लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर विधायक महोदया का आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम के दौरान श्री कृष्ण कुमार राय ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर अपनी बात रखी। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता कृपा शंकर भगत ने बाबा साहब के उपकारों को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा निर्मित संविधान के कारण ही आज समाज को शिक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त हुआ है। पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया और सभी ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

RELATED ARTICLES

Most Popular