HomeUncategorizedजादू-टोना के शक में महिला की रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या,...

जादू-टोना के शक में महिला की रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या, पति सहित 4 गिरफ्तार पढ़िये पूरी खबर….

जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टी महुआ में अंधविश्वास और आपसी रंजिश के चलते एक महिला की रोंगटे खड़े कर देने वाली निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मृतिका के पति, सौतन और दो अन्य रिश्तेदारों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का मुख्य कारण जादू-टोना का शक और संतान न होने की कुंठा बताई जा रही है, जिसके चलते आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए महिला के गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डालकर उसे मौत के घाट उतार दिया।


मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी सहलू राम ने 6 मार्च 2026 को थाना सन्ना में सूचना दी थी कि उसकी बड़ी बहन गोईदी बाई अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जहाँ मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान पाए गए। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि किसी कठोर और भोंथरे वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट पहुँचाने के कारण महिला की मृत्यु हुई है, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।


जांच के दौरान यह बात सामने आई कि घटना के दिन 5 मार्च को मृतिका गोईदी बाई का उसकी सौतन फुला बाई के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद जब मृतिका बर्तन धोने के लिए कुएं की ओर जा रही थी, तब उसके पति ठूपन राम ने उसे बहला-फुसलाकर खेत की एक झोपड़ी में बुलाया। वहां पहले से ही आरोपी सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई मौजूद थे। झोपड़ी में हड़िया पीने के दौरान सुनील राम ने मृतिका पर आरोप लगाया कि उसके जादू-टोना करने के कारण ही उसके पिता को कैंसर हुआ है और उसके घर में संतान नहीं हो रही है। इसी शक के आधार पर सुनील ने मृतिका को जमीन पर पटक दिया, जबकि पति ठूपन राम और सौतन फुला बाई ने उसके हाथ-पैर दबाए रखे। इसके बाद आरोपी सुनील और उसकी पत्नी सुरन्ती ने मिलकर लकड़ी का डंडा मृतिका के गुप्तांग में डाल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।


वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को घर लाकर बिस्तर पर लिटा दिया और ऊपर से कंबल ओढ़ा दिया ताकि मामला सामान्य मौत का लगे। हालांकि पुलिस की सक्रियता और गवाहों के बयान के आधार पर सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में ठूपन राम (45 वर्ष), फुला बाई (48 वर्ष), सुनील राम (23 वर्ष) और सुरन्ती बाई (22 वर्ष) शामिल हैं, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक सिरद साय, महिला प्रधान आरक्षक पुन्नी यादव और आरक्षक प्रवीण सिंह की विशेष भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular