HomeUncategorizedनशे के सौदागरों पर जशपुर पुलिस का बड़ा प्रहार: 77 किलो गांजे...

नशे के सौदागरों पर जशपुर पुलिस का बड़ा प्रहार: 77 किलो गांजे के साथ 4 गिरफ्तार, 49 लाख की संपत्ति जब्त…..

जशपुर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। तुमला थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर दो लग्जरी कारों से करीब 76 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों सहित एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पकड़े गए माल और वाहनों की कुल कीमत करीब 49 लाख 17 हजार रुपए आंकी गई है।

​यह पूरी कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर अंजाम दी गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि ओडिशा की ओर से दो कारें, जिनमें एक बिना नंबर की सफेद ब्रेजा और दूसरी काले रंग की मारुति XL 6 शामिल है, भारी मात्रा में गांजा लेकर लावाकेरा सराईटोली मार्ग से गुजरने वाली हैं। सूचना मिलते ही तुमला पुलिस ने कोल्हेंझरिया और कोतबा पुलिस टीम के साथ मिलकर मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध वाहनों के आते ही पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर रोका, जिसमें चार लोग सवार थे।

​तलाशी के दौरान ब्रेजा कार की बीच वाली सीट और डिक्की से चार बोरियों में भरा हुआ गांजा बरामद हुआ, जिसे 73 अलग-अलग पैकेटों में लपेटा गया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान युगल यादव (21 वर्ष), मोहित कुमार यादव (26 वर्ष) और दीपक यादव (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जशपुर जिले के ही निवासी हैं। उनके साथ एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त दोनों कारों और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

​पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह नशीला पदार्थ ओडिशा से लेकर आ रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफल कार्रवाई में तुमला थाना प्रभारी हर्ष वर्धन चौरासे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular