HomeUncategorized​नाटक देखकर घर लौट रही नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपी...

​नाटक देखकर घर लौट रही नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने भेजा जेल


जशपुर/बागबहार: जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के कुशल मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश सरगर्मी से जारी है।


घटना के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, बीती 16 फरवरी की रात एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका पास के गांव में नाटक देखकर पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और जबरन जंगल की ओर ले गए, जहाँ उन्होंने बारी-बारी से बालिका के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को अचेत अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए थे। अगले दिन पीड़िता बिजली सब स्टेशन के पास बेहोश मिली, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष तकनीकी और मैदानी टीम तैनात की थी। विवेचना के दौरान पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए और काले-गुलाबी रंग की पल्सर मोटरसाइकिल के सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सबसे पहले पत्थलगांव क्षेत्र से सत्यप्रकाश यादव (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी पहचान पीड़िता से कराई और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।


सत्यप्रकाश यादव की निशानदेही पर पुलिस ने आज 28 फरवरी को दूसरे आरोपी पीताम्बर लहरे (30 वर्ष) को सीतापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस घृणित कार्य में शामिल एक अन्य मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल, बागबहार थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक शर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular