HomeUncategorizedपीएम आवास पर चलाया JCB, विरोध करने पर ग्रामीणों को भी पीटा;...

पीएम आवास पर चलाया JCB, विरोध करने पर ग्रामीणों को भी पीटा; दो पहुंचे सलाखों के पीछे


जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरकुंगा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ कुछ दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला करते हुए उनके आशियाने को JCB मशीन से ढहाने की कोशिश की। इस हमले में प्रार्थी राजकुमार और उनके पुत्र पिताम्बर यादव सहित बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


घटना बीते 4 फरवरी की रात की है, जब प्रार्थी राजकुमार अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी शंकर राम, लूनेश्वर यादव और उनके साथियों ने अचानक JCB मशीन के साथ घर पर धावा बोल दिया। प्रार्थी का आरोप है कि आरोपियों ने उसे घर से घसीटकर बाहर निकाला और लोहे के सब्बल व लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई की। क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने प्रार्थी को JCB से कुचलने का भी प्रयास किया। इस दौरान दबंगों ने प्रार्थी के नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।


जब चीख-पुकार सुनकर गांव के सरपंच और पड़ोसी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प के बाद पीड़ित पक्ष ने नारायणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी शंकर राम (65 वर्ष) व लूनेश्वर यादव (24 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular