HomeUncategorizedरायगढ़: "ऑपरेशन तलाश" के तहत चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी सफलता, ₹3.20 लाख...

रायगढ़: “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी सफलता, ₹3.20 लाख के सोने के सिक्कों के साथ फरार आरोपी निलेश शाहू गिरफ्तार

रायगढ़ : रायगढ़ जिले में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस को चोरी के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस प्रकरण के फरार मुख्य आरोपी निलेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 3.20 लाख रुपये मूल्य के दो सोने के सिक्के बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही आरोपी की लिव-इन पार्टनर नेहा साहू और उसके सहयोगी आशीष महंत को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। घटना के संबंध में गुलमोहर कॉलोनी निवासी प्रमिला शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी घरेलू सहायिका नेहा साहू ने उन्हें चाय में नशीली दवा पिलाकर बेहोश कर दिया और अलमारी से कीमती जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गई।


पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि नेहा साहू ने अपने पार्टनर निलेश साहू के साथ मिलकर इस पूरी चोरी की साजिश रची थी। चोरी किए गए सामान और उससे प्राप्त रकम से आरोपियों ने एलईडी टीवी और अन्य घरेलू सामान भी खरीदे थे, जिन्हें पुलिस ने पूर्व में ही जब्त कर लिया था। निलेश साहू घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था, जिसे पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना पर उसके रेलवे बंगलापारा स्थित निवास से घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया और घर में छिपाकर रखे गए 10-10 ग्राम के दो सोने के सिक्के पुलिस के हवाले किए।


एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस सफल कार्रवाई के बाद अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि विश्वासघात और चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक सुशील मिंज और विनोज लकड़ा की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी निलेश साहू के विरुद्ध बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


RELATED ARTICLES

Most Popular