HomeUncategorizedरायगढ़ के अजय गुप्ता का यूपीएससी में चयन, एसएसपी शशि मोहन सिंह...

रायगढ़ के अजय गुप्ता का यूपीएससी में चयन, एसएसपी शशि मोहन सिंह और ASP अनिल कुमार सोनी ने घर जाकर दी बधाई……

रायगढ़, 10 मार्च। रायगढ़ जिले के ग्राम संबलपुरी के होनहार युवा अजय गुप्ता ने देश की सबसे प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 452वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अजय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। इस विशेष उपलब्धि पर बीते कल शाम जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उत्तम प्रताप सिंह ग्राम संबलपुरी पहुंचे।

​पुलिस अधिकारियों की टीम ने अजय गुप्ता से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी। अधिकारियों ने अजय की मेहनत, लगन और उनके अनुशासित जीवन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इस दौरान एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि अजय गुप्ता जैसे युवा आज के दौर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक बड़े प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि लक्ष्य प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत की जाए, तो वह कभी व्यर्थ नहीं जाती और सफलता अवश्य कदम चूमती है।

​वहीं अपनी इस बड़ी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय गुप्ता ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों के मार्गदर्शन को दिया। अजय ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के साथ यदि लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है। अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवारजन गौरवान्वित हैं, बल्कि जिले के युवाओं में भी एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। इस दौरान अजय के परिवार के सदस्य और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular