HomeUncategorizedरायगढ़ : घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे के भीतर सुलझा...

रायगढ़ : घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे के भीतर सुलझा मकान चोरी का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम टेरम में हुई एक मकान चोरी की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला तब प्रकाश में आया जब प्रार्थी किशन लाल जोल्हे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके ईंट निर्माण कार्य के लिए बाहर जाने के दौरान, अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, आयरन और कीमती बर्तनों सहित करीब 15,000 रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था।

​पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत विवेचना शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर बैहामुड़ा निवासी गजेन्द्र सारथी उर्फ गज्जु और भेंडरा कपाटडेरा निवासी परमेश्वर राठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने 9 फरवरी की रात सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया और सामान को बोरियों में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते ले गए थे। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने 9,200 रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है, जिसमें एक बैटरी, आयरन और कांसे के बर्तन शामिल हैं।

​इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रदीप तिग्गा और भानु चन्द्रा की अहम भूमिका रही। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए स्पष्ट किया है कि चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular