HomeUncategorizedरायगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, 5 हाई-टेक ठग...

रायगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, 5 हाई-टेक ठग गिरफ्तार….पढ़िये पूरी खबर।

रायगढ़ : रायगढ़ की साइबर पुलिस ने एक अत्यंत शातिर अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई ने उस बड़े नेटवर्क को उजागर किया है जो एनजीओ को कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) फंड दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खातों का उपयोग करोड़ों की ठगी के पैसे खपाने के लिए कर रहा था। पुलिस की इस सक्रियता से न केवल रायगढ़ बल्कि देशभर में सक्रिय एक बड़े साइबर सिंडिकेट की कमर टूटी है।​

घटना का सिलसिला तब शुरू हुआ जब इंदिरानगर रायगढ़ की एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों ने बड़े ही योजनाबद्ध तरीके से महिला को विश्वास में लिया और उसके एनजीओ के नाम पर एक्सिस बैंक में खाता खुलवाया। इसके बाद आरोपी महिला और उसके पति को झांसा देकर गुवाहाटी ले गए, जहाँ एक होटल में उन्हें रुकवाकर उनका मोबाइल और चेकबुक अपने कब्जे में ले लिया। वहां आरोपियों ने मोबाइल में एक संदिग्ध APK फाइल इंस्टॉल की और महिला के खाते का इस्तेमाल कर लगभग 2.17 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन कर डाला। जब महिला को बैंक से संदिग्ध ट्रांजेक्शन की सूचना मिली और देशभर से उसे मेल आने लगे, तब जाकर इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।​पुलिस की तकनीकी जांच में यह सनसनीखेज तथ्य सामने आया है कि इस एक खाते के खिलाफ देशभर के विभिन्न राज्यों से 44 साइबर फ्रॉड की शिकायतें पोर्टल पर पहले से दर्ज थीं।

पकड़े गए आरोपियों में से एक अभय यादव पहले बैंक में काम कर चुका है, जिसे बैंकिंग प्रक्रियाओं की गहरी समझ थी। यह गिरोह टेलीग्राम के माध्यम से बड़े साइबर अपराधियों के संपर्क में रहता था और उन्हें कॉर्पोरेट बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इस अवैध काम के बदले आरोपियों को कुल ठगी की राशि का 5 से 15 प्रतिशत हिस्सा कमीशन के रूप में मिलता था। पुलिस ने अब तक की जांच में आरोपियों द्वारा 25 से 30 बैंक खाते अपराधियों को मुहैया कराने की पुष्टि की है।​गिरफ्तार आरोपियों में मितेश सोनी निवासी भिलाई, विजय चंद्रा निवासी सक्ती, अजय साहू, अभय यादव और सचिन चौहान निवासी रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी बरामद किया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस बड़ी सफलता पर साइबर टीम की सराहना करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक या बड़े मुनाफे वाले ऐप के झांसे में न आएं और अपनी वित्तीय जानकारी सुरक्षित रखें।

RELATED ARTICLES

Most Popular