HomeUncategorizedरायगढ़ : बैंक डकैती की बड़ी साजिश नाकाम: रायगढ़ पुलिस ने शातिर...

रायगढ़ : बैंक डकैती की बड़ी साजिश नाकाम: रायगढ़ पुलिस ने शातिर संगठित गिरोह के 6 सदस्यों को दबोचा, 26 लाख से ज्यादा का माल बरामद

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध पर एक बड़ा सर्जिकल प्रहार करते हुए एक ऐसे शातिर अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो मोबाइल दुकानों में चोरी से लेकर बैंक लूटने तक की बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में घरघोड़ा पुलिस ने गैंग के सरगना समेत पांच आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सियाज और एक्सयूवी-500 जैसी दो लग्जरी कारें, साठ नग मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 26 लाख 47 हजार रुपये की बड़ी संपत्ति बरामद की गई है।


इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब फरवरी माह में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी हुई थी। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी कि इसी बीच 15 और 16 मार्च को धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में भी शातिरों ने धावा बोलकर ताला और वॉल्ट तोड़ने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी और गश्त के चलते वे बैंक लूटने में तो असफल रहे, लेकिन साक्ष्य मिटाने के लिए शातिर आरोपी बैंकों के सीसीटीवी सिस्टम तक उखाड़ कर अपने साथ ले गए थे। लगातार मिल रहे इन घटनाओं के पैटर्न को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी द्वारा जिलेभर में अलर्ट जारी किया गया और विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।


एसएसपी के निर्देश पर घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू और उनकी टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और एक्टिव मुखबिरों की मदद से पत्थलगांव निवासी मुख्य सरगना मोहम्मद अरसलान को दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने हमउम्र लड़कों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी और दोनों बैंकों में लूट के प्रयास की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने बाकी के आरोपियों को भी अलग-अलग इलाकों से दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद अरसलान, करण महंत, अलतमस खान, जॉनसन बेक और कवलेश यादव शामिल हैं। यह गिरोह पहले हाईवे किनारे स्थित दुकानों और बैंकों की रेकी करता था और फिर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस बड़ी कामयाबी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस की टीम ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और बैंकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे किसी भी आपराधिक गिरोह को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular