HomeUncategorizedरायगढ़: मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख की ठगी...

रायगढ़: मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख की ठगी करने वाला ‘महाठग’ विवेक कुमार शर्मा दुर्ग से गिरफ्तार, सहयोगी फरार तालाश जारी……

रायगढ़ ; रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुसौर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विवेक उर्फ विवेक कुमार शर्मा को वैशाली नगर, दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रायगढ़ लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले का दूसरा मुख्य आरोपी सितेश पाणिग्राही निवासी चंद्रपुर वर्तमान में फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


घटनाक्रम के अनुसार, ग्राम घुघवा निवासी पीड़ित कुंजबिहारी पटेल ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी सितेश पाणिग्राही ने मंत्रालय में अपनी ऊंची पहुंच होने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे संपर्क किया था। आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए अपने भाई का फर्जी ऑनलाइन जॉइनिंग लेटर भी दिखाया, जिसके झांसे में आकर कुंजबिहारी ने अपनी जमीन बेचकर किस्तों में कुल 8,27,300 रुपये आरोपियों को दे दिए। जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने इसी तरह गांव के ही मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3,77,000 रुपये और देवकुमार से 8,00,000 रुपये की ठगी की थी। कुल मिलाकर आरोपियों ने क्षेत्र के बेरोजगारों से 20,04,000 रुपये की बड़ी रकम ऐंठ ली।


जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी और पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी सितेश उन्हें दुर्ग ले गया और वहां विवेक कुमार शर्मा से मिलवाया। दोनों ने पैसे लेने की बात स्वीकार की और पीड़ितों को उनके नाम के चेक दिए, लेकिन बैंक में जमा करने पर ये चेक बाउंस हो गए, जिससे ठगी का खुलासा हुआ। पुसौर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दुर्ग में दबिश देकर विवेक कुमार को हिरासत में लिया। आरोपी के पास से एचडीएफसी बैंक का चेक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपियों द्वारा अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी करने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।


इस सफलता पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने जिले के नागरिकों को सख्त संदेश देते हुए अपील की है कि वे सरकारी नौकरी लगाने के किसी भी झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी और सीएसपी रायगढ़ श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज सहित सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता और आरक्षक राहुल सिदार की विशेष भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular