HomeUncategorizedशराब पीने के लिए पैसे को लेकर अपनी पत्नी की पत्थर मारकर...

शराब पीने के लिए पैसे को लेकर अपनी पत्नी की पत्थर मारकर हत्या करने का आरोपी जेबियल मिंज गिरफ्तार, भेज गया जेल,


जशपुर। जशपुर पुलिस ने अपनी पत्नी की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है, जहां शराब के नशे में धुत पति ने महज कुछ रुपयों के विवाद पर अपनी पत्नी के सिर पर पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। आरोपी जेबियल मिंज (35 वर्ष) निवासी ग्राम बम्बा को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।


घटना की शुरुआत 9 नवंबर 2025 को हुई थी, जब आरोपी जेबियल मिंज अंबिकापुर से शराब पीकर अपने घर लौटा। घर पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी पत्नी श्रीमती मिंज (28 वर्ष) भी नशे की हालत में थी और उसके पास कुछ पैसे थे। जब जेबियल ने शराब पीने के लिए अपनी पत्नी से उन पैसों की मांग की, तो पत्नी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और खुद को बचाने के लिए सड़क की ओर भागने लगी। आवेश में आकर आरोपी ने उसका पीछा किया और रास्ते में उनके बीच जमकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने पास ही पड़े एक भारी पत्थर से अपनी पत्नी के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी घायल पत्नी को रात भर सड़क पर तड़पता छोड़ खुद घर जाकर सो गया।


अगले दिन सुबह ग्रामीणों की सूचना पर गंभीर रूप से घायल महिला को बगीचा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर और फिर गंभीर स्थिति देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। लगभग 20 दिनों तक मौत से संघर्ष करने के बाद 30 नवंबर 2025 को रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया। रायपुर के गोलबाजार थाने से केस डायरी प्राप्त होने के बाद बगीचा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।


विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही जेबियल मिंज को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में बगीचा थाना के उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप, सउनि नरेश मिंज, आरक्षक रमेश गिरी, फूलजेंस टोप्पो और सैनिक बलीरवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ज्ञात हो कि मृतिका और आरोपी पिछले 4 वर्षों से साथ रह रहे थे और उनका 7 माह का एक बच्चा भी है, जिसे परवरिश के लिए मृतिका की बहन को सौंपा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular